खेती-किसानी से मुख्यमंत्री तक का सफर
(25 जनवरी जन्मदिन विशेष)
नायब सिंह सैनी का जन्म 25 जनवरी, 1970 में गांव मिर्जापुर माजरा, डाकघर लखनौरा, नारायणगढ़, जिला अंबाला हरियाणा में सनातन विचारधारा वाली श्रीमती कुलवंत कौर और श्री तेलू राम के घर में हुआ। माँ घरेलु और पिता भारतीय सेना में थे। कुल मिलकर ये एक सामान्य से, गरीब किसान परिवार से हैं, खेती-किसानी से इनका गहरा नाता है। सैनी मूल रूप से कुरूक्षेत्र के मंगोली जट्टान गांव के रहने वाले हैं, हालांकि इनके पूर्वज काफी समय पहले अंबाला जिले के मिर्ज़ापुर में स्थानांतरित हो गए थे। नायब सिंह सैनी धरातल से जुड़े हुए एक सुशिक्षित और दूरदर्शी मुख्यमंत्री हैं। इन्होंने बीए, एलएलबी की शिक्षा ग्रहण की है। इन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से एलएलबी कि डिग्री हासिल की अथवा स्नातक की डिग्री बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर से की। इनकी पत्नी का नाम श्रीमती सुमन है। इनकी दो संतान हैं एक बेटा और एक बेटी।
नायब सिंह सैनी रोटी, कपडा और मकान शिक्षा से बनेगा देश महान इस सिद्धांत को लेकर चलने वाले मुख्यमंत्री हैं। उनका विश्वास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े आदमी का उत्थान हो और उसके कल्याण के लिए काम किया जाना चाहिए और उसको कैसे मुख्यधारा से जोड़ा जाये, ताकि एक समृद्ध और सशक्त समाज का निर्माण हो और हम रामराज की परिकल्पना की ओर अग्रसर हो सकें। इस दिशा में बड़े ही सोच समझकर कदम बढ़ाने होंगे क्योंकि ‘अ’ राम मार्गी लोग भी भरपूर हैं, जो इस कारवां को अवरुद्ध करने में पूरा जोर लगाएंगे।
नायब सिंह सैनी ने समाज के हर तबके के साथ समीकरण साधते हुए जो समन्वय का मार्ग तैयार किया है, वह बहुत दूर तक जाने वाला है। यह प्रदेश के लोगों के लिए भी बेहद कल्याणकारी और लाभकारी सिद्ध होगा। हरियाणा प्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ते हुए देश और संसार के नक़्शे पर अमिट छाप अंकित कर सकता है, बशर्ते विपरीत दिशा में जोर लगाने वाले निर्धारित समन्वय के मार्ग का अनुकरण और अनुसरण करें। सीमित चीजों पर असीमित लोगों की दावेदारी हो सकती है, लेकिन वह मिलती हैं केवल कर्मठ और क्रियाशील लोगों को। कर्मठता और क्रियाशीलता एक निरंतर प्रक्रिया है, ठीक एक नदी की तरह जो शुरू तो होती है छोटी-सी धारा से और अंत में प्राप्त होती है विशाल समंदर को। नायब सिंह सैनी उसी श्रेणी में आते हैं।
नायब सिंह सैनी 2014 में हरियाणा विधान सभा के सदस्य चुने गए और इन्हें हरियाणा सरकार द्वारा राज्य मंत्री, श्रम और रोजगार तथा खान का दायित्व सौंपा गया, जिसे इन्होंने बखूबी निभाया। इन्होंने हरियाणा सरकार के शिष्टमंडल के सदस्य के रूप में यूरोप का दौरा भी किया। मई, 2019 में सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव में हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोक सभा क्षेत्र से लोक सभा के सदस्य चुने गए। नायब सिंह सैनी को भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी सौंपा गया, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया और पार्टी को मजबूती प्रदान की। लोक सभा सदन द्वारा सितम्बर 2019 में इन्हें परामर्शदात्री समिति, संस्कृति में शामिल किया गया और मई 2019 में इनको पर्यटन मंत्रालय और श्रम, वस्त्र और कौशल विकास संबंधी स्थायी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
नायब सिंह सैनी की जन कल्याण के कार्यों में खासी रुचि है और वे जन सेवा के कार्यों में पूरी निष्ठ एवं समर्पण से लगे रहते हैं। इन्होंने जन सेवा के लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए, जरूरतमंद और गरीब लोगों के लिए सेवा कार्य किए हैं, बच्चों की सहायता करना इन्हें विशेष प्रिय है, समाज के कल्याण के लिए विभिन्न कार्यशालाएं, संगोष्ठियों और सम्मेलनों का आयोजन भी इनके द्वारा करवाया गया है।
इनका बोलने का अंदाज़ लोगों को बेहद आकर्षित करता है, ये सहज और सरल तरीके से गंभीर बात कह जाते हैं। ये 12 मार्च, 2024 से हरियाण के मुख्यमंत्री हैं, 2024 का हरियाणा विधान सभा चुनाव इनके नेतृत्व में लड़ा गया और अनुकूल परिणाम प्राप्त हुए, जबकि मीडिया द्वारा जनमानस के पटल पर भिन्न प्रकार की छवि निर्मित की गई थी। 17 अक्टूबर, 2024 को पंचकुला में हरियाणा के मुख्यमंत्री की दूसरी बार शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई राज्यों के मुख्यमंत्री इनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे, जो कि अपने आप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह था।
मधुर मुस्कान के साथ आत्मीयता मिलन :-
नायब सैनी का लोगों के साथ मधुर मुस्कान और आत्मीयता से मिलना हर किसी को लुभाता है और कोई भी उनसे मिलकर असहज महसूस नहीं करता है। मेरा स्वयं का अनुभव है, मैं दो बार उनसे मिला, एक बार विधानसभा सत्र के दौरान चंडीगढ़ में कबीर कुटी में और दूसरी बार पिछले दिनों (05 जनवरी, 2025) को उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जनपद के मनिहारान रामपुर की जनसभा के अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान। हालाँकि, दोनों मुलाकातें बेहद संक्षिप्त और कार्यालयीन थीं, लेकिन उनकी स्मित (मधुर मंद मुस्कान) बहुत गहरे तक जाती है और बेहद अपनेपन और आत्मीयता का एहसास कराती है।
सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यकलापों में नायब सिंह सैनी संपूर्ण मनोयोग से बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। संवाद के दौरान उनका मंद-मंद मुस्काते हुए कहकहे के साथ हँसना माहौल को जीवन्त बनाता है और लोगों को प्रतीत होता है, मानो मुख्यमंत्री उनके ही मन की बात को आपने मुख से बोल रहे हैं। उन्हें सुनने वाले खुद को उनसे जुड़ा हुआ अनुभव करते हैं। यह बोलने वाले और सुनने वाले दोनों को एक धरातल पर जोड़ने का कार्य तो करता ही है, साथ में दोनों के बीच घनिष्ठता को भी बढ़ाता है। इससे मैत्रीता का एहसास भी होता है और अपनत्व का भी।
नायब सिंह सैनी की लोकप्रियता और जनसाधारण की स्वीकृति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहाँ 2014 में उन्होंने अपने गृह नगर नारायणगढ़ विधानसभा से जीत दर्ज की, वहीँ 2019 के कुरुक्षेत्र लोकसभा से जीत दर्ज की, इसके बाद 2024 में करनाल विधानसभा से उप चुनाव में जीत दर्ज की और इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में इन्होंने लाडवा (कुरुक्षेत्र) विधानसभा से चुनाव जीता और इनके नेतृत्व में हरियाणा सरकार का गठन हुआ। केंद्रीय नेतृत्व ने जिस आशा और उम्मीद के साथ इनको बागडोर सौंपी थी, वे उन आशाओं और उम्मीदों पर खरे उतरे हैं, बल्कि यह कहा जाये कि नायब सिंह सैनी ने उम्मीदों से अधिक परिणाम दिए हैं, तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।
यूँ तो मुख्यमंत्री के कार्यकाल में अनेक उपलब्धियां होती हैं जो जनसाधारण को परोक्ष और प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करती हैं लेकिन एक कार्य ऐसा है जिसका लाभ सामान्य मानविकी को सीधे-सीधे हो रहा है और वह स्पष्ट दिखाई भी दे रहा है। वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर जिला सचिवालयों में हर कार्य दिवस पर समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जिलाधिकारी से लेकर हरेक अधिकारी एक ही समय में एक ही छत के नीचे सकारात्मक ढंग से नागरिकों की समस्याओं का निवारण कर रहे हैं। इस व्यवस्था से नागरिकों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री, नायब सिंह सैनी का यही मकसद है कि नागरिकों को बिना किसी रूकावट के सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और प्रदेश के नागरिकों का प्रशासनिक दृष्टिकोण बदले और वे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याओं को रखें और उन्हें त्वरित एवं संजीदा समाधान मिलें। आज 25 जनवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जन्मदिन है उन्हें इस अवसर पर अशेष और अनंत शुभकामनाएं…!
– डॉ. मनोज कुमार
संप्रति – जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, यमुनानगर।