7 दिसम्बर 2024, गांधी शान्ति प्रतिष्ठान, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, नई दिल्ली में अनुराधा प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा ‘पुस्तक लोकार्पण, काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया।
आयोजन के मुख्य अतिथि महर्षि यूनिवर्सिटी के महानिदेशक, अनुराधा प्रकाशन के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर (ग्रुप कैप्टेन) ओ पी शर्मा जी, अति विशिष्ट अतिथि अन्तर्राष्ट्रीय गीतकार, कवि-साहित्यकार एवं आज तक समाचार चैनल के संपादक श्री पंकज शर्मा जी, विशिष्ट अतिथि लेडी सिंघम किरण सेठी जी (दिल्ली पुलिस), श्री शिव कुमार कोहली जी (मानद कोच दिल्ली पुलिस सिविल डिफेंस), आयोजक अनुराधा प्रकाशन के संस्थापक एवं प्रधान संपादक डॉक्टर मनमोहन शर्मा ‘शरण’ की गरिमामयी उपस्थिति थी।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों के स्वागत सम्मान के संग हुआ तथा दीप प्रज्ज्वलन की प्रक्रिया को संपादित किया गया। सरस्वती वंदना की प्रस्तुति मशहूर गीत गायिका-कवियित्री संगीता ग्रोवर जी ने दी।
इसके पश्चात मुस्काल सुर ताल अकादमी, गुरुग्राम के बच्चों ने श्री गणेश स्तुति पर कथक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति इतनी आकर्षक एवं प्रभावशाली थी कि मंचासीन सभी विभूतियों ने खड़े होकर तथा सभागार में उपस्थित सभी ने करतलध्वनि द्वारा बच्चों को आशीर्वाद दिया।
इसके पश्चात मंच संचालक डॉ. अजय ओझा ने पुस्तक लोकार्पण हेतु लोोहरू (भिवानी) के शिक्षक-लेखक-समाजसेवी श्री लीला राम वर्मा जी को उनकी पुस्तक “बाल यौन शोषण-दुनिया के माथे पर कलंक” के लोकार्पण हेतु मंच पर आमंत्रित किया। इसी अवसर पर उनका अंगवस्त्र, पगड़ी, माला तथा स्मृति चिन्ह (प्राइड ऑफ नेशन) के द्वारा सम्मान भी किया गया।
इसी क्रम में श्री नवीन कुमार चड्ढा जी को उनकी पुस्तक “मैं कौन हूँ” (काव्य संग्रह) के लोकार्पण हेतु आमंत्रित किया गया। लोकार्पण के साथ ही इनका भी सम्मान किया गया।
साथ ही श्री कृष्णा नंद पंत द्वारा रचित पुस्तक ‘चेतना’ के लोकार्पण हेतु उनके पुत्र श्री प्रकाश चंद पंत जी को आमन्त्रित किया गया। कृष्णा जी का सम्मान भी प्रकाश जी को प्रदान किया गया।
इनके उपरांत श्री गन्धर्व आनन्द जी की काव्य कृति ‘नचिकेता का तीसरा वर’ का लोकार्पण किया गया। वे निजी कारणों से आयोजन में उपस्थित नहीं हो सके। प्रकाशक डॉ. मनमोहन शर्मा ‘शरण’ ने उनकी पुस्तक के लोकार्पण में भूमिका निभाई।
श्री अजय कुमार ओझा ने कुशल संचालन करते हुए प्रकाशक व संपादक मनमोहन शर्मा ‘शरण’ को स्वागतीय भाषण एवं पुस्तकों पर सांकेतिक प्रकाश डालने हेतु आमन्त्रित किया गया। उन्होंने समाज में अपने-अपने क्षेत्र्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु तीन विभूतियों डॉ. मनीष साहनी (कैंसर रोबोटिक सर्जन) वैंकटेश्वर हॉस्पिटल, द्वारका, श्री पिंकेश कश्यप-एआईपीएन इनवेस्टीगेशन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, तथा कवि दीपक कपूर जी को प्राइड ऑफ नेशन सम्मान हेतु मंच पर आमन्त्रित किया। डॉ. मनीष ने अपने सम्बोधन में आयोजन तथा अपनी सेवाओं पर प्रकाश डाला।
श्री नरेश शर्मा (श्री चौरासिया ब्राह्मण शिक्षा समिति के अध्यक्ष) को मंच द्वारा पगड़ी-अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन ओ पी शर्मा जी ने अपने आशीर्वचन से सभी को लाभावान्वित किया। श्री शिव कुमार कोहली जी ने अपने गीतों द्वारा एवं श्री पंकज शर्मा जी ने अपने वक्तव्य एवं मर्मस्पर्शी गीतों से सभागार में उपस्थित सुधी श्रोताजनों को मन्त्रमुग्ध कर दिया।
लेडी सिंघम के नाम से विख्यात दिल्ली पुलिस में सेवारत किरण सेठी जी ने अपने ओजस्वी भाषण से सभी को अन्तर्मन से जागृत कर दिया और अपराधों के खिलाफ आवाज उठाने को प्रेरित किया।
भोजन विराम के उपरान्त विभिन्न विभूतियों श्री गौतम सिंह (अभिनेता), श्री हिमांशु धींगरा (उद्योगपति), अघोरी डॉ. नरेन्द्र सिंह सांगरिया (राजस्थान), श्रीमती नीता गुप्ता एवं श्री अनुराग गुप्ता जी, डॉ. अरुणा पाठक (रीवा मध्यप्रदेश), डिजिटल क्रियेटर पूजा मिश्रा, सोनिया तोमर, शगुन सिंह, निशा खान, रिंकी देवी आदि को श्री पंकज शर्मा जी एवं श्री शिव कुमार कोहली के साथ मनमोहन शर्मा ‘शरण’ ने सम्मान प्रदान किया।
काव्य गोष्ठी सत्र में श्री अभय मिश्रा, श्री रामनारायण जी (दिलबर देहाती), डॉ. अरुणा पाठक, श्री जे एस तंवर ने अपनी रचनाओं से समा बांधा तथा श्रोताओं की तालियां बटोरी।
धन्यवाद ज्ञापन हेतु डॉ. मनमोहन शर्मा ‘शरण’ को आमन्त्रित किया गया जिन्होंने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया तथा सभी डिजिटल क्रियेटरों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने आयोजन के प्रचार-प्रसार में भूमिका निभाई। आयोजन की रूपरेखा को सुचारू रूप से संपादित कराने में हेमा मेहरा ने सहयोग किया।