देवता दीन जी पहली बार शहर बेटे के नए घर जा रहे थे। बेटा गाँव से शहर आकर नई सोसायटी में रहने लगा था।
देवता दीन जी उस पीढ़ी के थे, जिसमें लोगों की पहचान नाम से ही हो जाती थी। कोई कहता – मास्टर साहब आ गए, कोई कहता – चाचा, बैठो, चाय पियो। नाम ही उनकी पहचान थी।
इस बार बेटा जाते समय एक बटन वाला मोबाइल दे गया था। यह कहकर कि पापा, आजकल तो चिट्ठी कोई नहीं लिखता। आपका जब मन हो, इससे हमसे बात कर सकते हैं। जाते समय शहर आने की जिद भी कर चुका था।
समय मिलने पर देवता दीन जी शहर गाड़ी से पहुँच गए। बेटे को पहले ही आने की सूचना दे दी थी। स्टेशन से बाहर आकर पहले इधर-उधर बेटे को देखा। जब कहीं नहीं दिखा तो मोबाइल से बेटे को फोन किया – “बेटा, आ गया हूँ, अब किधर आना है?”
बेटा बोला – “पिताजी, आप वहीं रुकिए, मैं स्टेशन पहुँच रहा हूँ।”
देवता दीन जी बाहर आकर इंतजार करते रहे। आधा घंटा हो गया, बेटा नहीं पहुँचा।
फिर हताश होकर उन्होंने बेटे को फोन किया, बोले – “बेटा, स्टेशन के पास बाहर जो पुलिस चौकी है, वहीं बेंच पर बैठा हूँ।”
बेटा बोला – “पिताजी, आप लोकेशन भेज दीजिए, मैं बस पहुँच ही रहा हूँ।”
देवता दीन जी बोले – “बेटा, स्टेशन के सामने पुलिस चौकी है, तू वहीं आ जा, मैं यहीं बैठा हूँ।”
बेटा फिर वही बोला – “पिताजी, आप लोकेशन भेजिए ना, मैं ऐसे कैसे ढूँढूँगा।”
बेटे ने पुलिस चौकी खोजने का भी कष्ट नहीं उठाया। पिता ने जगह का नाम बता दिया था, पर बेटे को नाम नहीं, लोकेशन चाहिए थी।
देवता दीन जी का हाथ काँप गया। बोले – “बेटा, मेरे पास तो बटन वाला मोबाइल है, इसमें लोकेशन कहाँ से भेजूँ?”
बेटा झुँझलाकर बोला – “तो पिताजी, किसी से पूछकर टावर के पास आ जाइए।”
देवता दीन जी ने एक राहगीर से पूछा – “भैया, मेरे बेटे मोहन का घर कहाँ है?”
राहगीर ने बिना रुके पूछा – “टावर नम्बर? फ्लैट नम्बर?”
देवता दीन जी बोले – “बेटा, नाम तो बता दिया, मोहन…”
राहगीर आगे बढ़ गया – “बाबा, यहाँ नाम से कोई नहीं मिलता।”
देवता दीन जी फिर उसी पुलिस चौकी वाली बेंच पर बैठ गए। सामने एक जैसे लोग, एक जैसे चेहरे। सब जल्दी में थे, किसी के पास रुकने का समय नहीं था।
उनको लगा, गाँव में तो वो किसी के बाप थे, किसी के चाचा थे, किसी के मास्टर थे। यहाँ वो किसी के कुछ नहीं हैं, सिर्फ एक बूढ़ा आदमी हैं, जिसके पास लोकेशन नहीं है।
आँखें भर आईं। मन में आया, काश बेटे को फोन ही न किया होता। गाँव में तो लोग नाम सुनकर घर तक छोड़ आते थे, यहाँ बेटे तक पहुँचने के लिए भी लोकेशन चाहिए।
तभी बेटा दौड़ता हुआ आया। पिताजी को बैठा देखकर बोला – “पिताजी, आपने लोकेशन क्यों नहीं भेजी? मैं कब से ढूँढ रहा हूँ।”
देवता दीन जी ने बेटे का हाथ पकड़ लिया, बोले – “बेटा, मैं भटका नहीं था, मैं तो यहीं था, पुलिस चौकी वाली बेंच पर। बस तूने चौकी खोजने का कष्ट ही नहीं उठाया। गाँव में मैं आदमी था, यहाँ मैं सिर्फ एक लोकेशन हूँ, जो मेरे बटन वाले मोबाइल में है ही नहीं।”
बेटा चुप हो गया। उसने पिताजी का झोला उठा लिया। पिताजी की आँखों में आँसू थे, पर बेटा मोबाइल में टावर का नम्बर देख रहा था।
यह बेटे की लापरवाही नहीं, मोबाइल का मैनिया है। बिना उसके नई पीढ़ी अपने पिता को भी नहीं तलाश सकती, तो दुनिया में और क्या पा लेगी अपने से।
लघुकथा : पहचान का संकट — राजेन्द्र परदेसी
