नायब सिंह सैनी – एक कुशल मुख्यमंत्री
हरियाणा सरकार का एक साल का सफर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बोलने का अंदाज़ लोगों को बेहद आकर्षित करता है, ये सहज और सरल तरीके से गंभीर बात कह जाते हैं। ये 12 मार्च, 2024 से हरियाण के मुख्यमंत्री हैं, 2024 का हरियाणा विधान सभा चुनाव इनके नेतृत्व में लड़ा गया और अनुकूल परिणाम प्राप्त हुए, जबकि मीडिया द्वारा जनमानस के पटल पर भिन्न प्रकार की छवि निर्मित की गई थी। 17 अक्टूबर, 2024 को पंचकूला में हरियाणा के मुख्यमंत्री की दूसरी बार शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई राज्यों के मुख्यमंत्री इनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे, जो कि अपने आप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह था। मैं उस समारोह का साक्षी रहा हूं।
नायब सिंह सैनी रोटी, कपडा और मकान शिक्षा से बनेगा देश महान इस सिद्धांत को लेकर चलने वाले मुख्यमंत्री हैं। उनका विश्वास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े आदमी का उत्थान हो और उसके कल्याण के लिए काम किया जाना चाहिए और उसको कैसे मुख्यधारा से जोड़ा जाये, ताकि एक समृद्ध और सशक्त समाज का निर्माण हो और हम रामराज की परिकल्पना की ओर अग्रसर हो सकें। इस दिशा में बड़े ही सोच समझकर कदम बढ़ाने होंगे क्योंकि ‘अ’ राम मार्गी लोग भी भरपूर हैं, जो इस कारवां को अवरुद्ध करने में पूरा जोर लगा रहे हैं।
नायब सिंह सैनी ने समाज के हर तबके के साथ समीकरण साधते हुए जो समन्वय का मार्ग तैयार किया है, वह बहुत दूर तक जाने वाला है। यह प्रदेश के लोगों के लिए भी बेहद कल्याणकारी और लाभकारी सिद्ध होगा। हरियाणा प्रदेश इस दिशा में आगे बढ़ते हुए देश और संसार के नक़्शे पर अमिट छाप अंकित कर सकता है, बशर्ते विपरीत दिशा में जोर लगाने वाले निर्धारित समन्वय के मार्ग का अनुकरण और अनुसरण करें। सीमित चीजों पर असीमित लोगों की दावेदारी हो सकती है, लेकिन वह मिलती हैं केवल कर्मठ और क्रियाशील लोगों को। कर्मठता और क्रियाशीलता एक निरंतर प्रक्रिया है, ठीक एक नदी की तरह जो शुरू तो होती है एक छोटी-सी धारा से और अंत में प्राप्त होती है विशाल समंदर को। नायब सिंह सैनी उसी श्रेणी में आते हैं।
नायब सिंह सैनी 2014 में हरियाणा विधान सभा के सदस्य चुने गए और इन्हें हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री, श्रम और रोजगार तथा खान का दायित्व सौंपा गया, जिसे इन्होंने बखूबी निभाया। नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार के शिष्टमंडल के सदस्य के रूप में यूरोप का दौरा भी किया। मई, 2019 में सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव में हरियाणा के कुरुक्षेत्र लोक सभा क्षेत्र से लोक सभा के सदस्य चुने गए। नायब सिंह सैनी को भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी सौंपा गया, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया और पार्टी को मजबूती प्रदान की। लोक सभा सदन द्वारा सितम्बर 2019 में इन्हें परामर्शदात्री समिति, संस्कृति में शामिल किया गया और मई 2019 में इनको पर्यटन मंत्रालय और श्रम, वस्त्र और कौशल विकास संबंधी स्थाई समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।
नायब सिंह सैनी की जन कल्याण के कार्यों में खासी रुचि है और वे जन सेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा और समर्पण से लगे रहते हैं। इन्होंने जन सेवा के लिए समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए, जरूरतमंद और गरीब लोगों के लिए सेवा कार्य किए हैं, बच्चों की सहायता करना इन्हें विशेष प्रिय है, समाज के कल्याण के लिए विभिन्न कार्यशालाएं, संगोष्ठियों और सम्मेलनों का आयोजन भी इनके द्वारा करवाया जाता रहा है।
मधुर मुस्कान के साथ आत्मीयता मिलन
नायब सैनी का लोगों के साथ मधुर मुस्कान और आत्मीयता से मिलना हर किसी को लुभाता है और कोई भी उनसे मिलकर असहज महसूस नहीं करता है। मेरा स्वयं का अनुभव है, मैं कई बार उनसे मिला, एक बार विधानसभा सत्र के दौरान चंडीगढ़ में कबीर कुटी में और दूसरी बार उत्तरप्रदेश के सहारनपुर जनपद के मनिहारान रामपुर की जनसभा के अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान और अगली मुलाकात मुजफरनगर के सुखदेव आश्रम शुक्रताल में हुई थी। पिछले दिनों देहरादून उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मुलाकात के दौरान और यमुनानगर में सरस्वती महोत्सव और वन महोत्सव के अवसर पर भी। हालाँकि, सभी मुलाकातें बेहद संक्षिप्त और कार्यालयीन थीं, लेकिन उनकी स्मित (मधुर मंद मुस्कान) बहुत गहरे तक जाती है और बेहद अपनेपन और आत्मीयता का एहसास कराती है।
सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यकलापों में नायब सिंह सैनी संपूर्ण मनोयोग से बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। संवाद के दौरान उनका मंद-मंद मुस्काते हुए कहकहे के साथ हँसना माहौल को जीवन्त बनाता है और लोगों को प्रतीत होता है, मानो मुख्यमंत्री उनके ही मन की बात को आपने मुख से बोल रहे हैं। उन्हें सुनने वाले खुद को उनसे जुड़ा हुआ अनुभव करते हैं। यह बोलने वाले और सुनने वाले दोनों को एक धरातल पर जोड़ने का कार्य तो करता ही है, साथ में दोनों के बीच घनिष्ठता को भी बढ़ाता है। इससे मैत्रीता का एहसास भी होता है और अपनत्व का भी।
नायब सिंह सैनी की लोकप्रियता और जनसाधारण की स्वीकृति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जहाँ 2014 में उन्होंने अपने गृह नगर नारायणगढ़ विधानसभा (अंबाला) से जीत दर्ज की, वहीँ 2019 के कुरुक्षेत्र लोकसभा से जीत दर्ज की, इसके बाद 2024 में करनाल विधानसभा से उप चुनाव में जीत दर्ज की और इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में इन्होंने लाडवा विधानसभा (कुरुक्षेत्र) से चुनाव जीता और इनके नेतृत्व में हरियाणा सरकार का गठन हुआ। केंद्रीय नेतृत्व ने जिस आशा और उम्मीद के साथ इनको बागडोर सौंपी थी, वे उन आशाओं और उम्मीदों पर खरे उतरे हैं, बल्कि यह कहा जाए कि नायब सिंह सैनी ने उम्मीदों से अधिक परिणाम दिए हैं, तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। उनके कारण सूबे में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी है।
यूँ तो मुख्यमंत्री के कार्यकाल में अनेक उपलब्धियां होती हैं जो जनसाधारण को परोक्ष और प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करती हैं लेकिन एक कार्य ऐसा है जिसका लाभ सामान्य मानविकी को सीधे-सीधे हो रहा है और वह स्पष्ट दिखाई भी दे रहा है। वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर जिला सचिवालयों में शिविरों आदि के माध्यम से आमजन की समस्याओं के समाधान किये जा रहे हैं। उपायुक्त से लेकर जिले का हरेक अधिकारी एक ही समय में एक ही छत के नीचे सकारात्मक ढंग से नागरिकों की समस्याओं का निवारण करते हुए देखे जा सकते हैं। इस व्यवस्था से नागरिकों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यही मकसद है कि नागरिकों को बिना किसी रूकावट के सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और प्रदेश के नागरिकों का प्रशासनिक दृष्टिकोण बदले और वे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याओं को रखें और उन्हें त्वरित एवं संजीदा समाधान मिलें।
एक कुशल राजनेता और कुशल मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक कुशल और कारगर राजनेता सिद्ध हुए हैं और उत्तरोत्तर उनमें राजनीतिक निखार आता जा रहा है। हालांकि, उन्होंने राजनीति तो काफी पहले शुरू कर दी थी और 2014 में नारायणगढ़ से पहली बार विधायक का चुनाव जीतकर पहली ही बार में राज्य मंत्री बन कर अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था और 2019 में कुरुक्षेत्र लोकसभा से सांसद बनकर अपना रास्ता बता दिया था कि कहां तक जाएगा। गत वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें 12 मार्च, 2024 को हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की बागडोर सौंपी तो भाजपा के सभी दिग्गज, मीडिया जगत के विशेषज्ञ और समस्त अधिकारी वर्ग भौंचक्के रह गए थे।
लोगों को संशय था कि नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री पद को अपने पूर्ववर्ती मनोहर लाल के मुकाबले कैसे चला पाएंगे? मगर नायब सैनी तो शायद पहले ही मन में दिल से तय करके आए थे कि उन्होंने अपनी छवि को कैसे बनाना है, उसे कैसे निर्मित करना है, प्रशासनिक अमले का उपयोग जन सेवा के लिए कैसे करना है। वे भली-भांति जानते थे कि उन्हें कैसा आउटपुट देना है और वे केंद्र में अपने अग्रजों से सीख चुके थे कि कैसे शासन को चलाना है, कैसे जनता का दिल जीतना है, किस निर्मल हृदय से लोगों की पीड़ा, उनके दुःख-दर्द को समझाना है और कैसे उसका निदान करना है।
नायब सिंह सैनी ने हरियाणा की बागडोर संभालते ही घोषणा कर दी कि मुख्यमंत्री आवास यानी कबीर कुटी के दरवाजे 24 घंटे खुले रहेंगे और कोई भी व्यक्ति उनसे कभी भी मिल सकता है। हालांकि, शुरू-शुरू में तो उनकी इस घोषणा को हवा-हवाई माना गया, क्योंकि 16 मार्च, 2024 को लोकसभा चुनाव की घोषणा हो गई थी, मगर मुख्यमंत्री में नायब सैनी ने लोकसभा चुनाव के बीच और लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद जिस तरह मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे हर किसी व्यक्ति से मिलकर व्यक्तिगत तौर पर सुनवाई की और उनकी शिकायतों का समाधान करने का प्रयास किया। उससे पूरे हरियाणा में यह चर्चा होने लगी कि नायब सिंह सैनी सुलभ उपलब्ध होने वाले मुख्यमंत्री हैं। कहते हैं कि किसी ने यह जांचने के लिए कि मुख्यमंत्री वास्तव में रात में भी मिल लेते हैं तो चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आधी रात को दस्तक दे दी। मुख्यमंत्री आधी रात में ही उनसे मिले और समस्या पूछी तो उन्होंने कहा कि कोई समस्या नहीं है, सिर्फ पता लगाने आए थे कि क्या आप आधी रात को मिलते हैं? मुख्यमंत्री आवास पर तैनात कर्मियों बताते है कि मुख्यमंत्री ने शुरू में दिन में पांच-पांच हजार लोगों से मुलाकात की थी। इसी प्रकार विधानसभा 2024 की चुनावी सरगर्मी के बीच ही हमारे बैच ने डीआईपीआरओ का पदभार ग्रहण किया था और हम हरियाणा सचिवालय में नौकरी करते हुए पोस्टिंग का इंतजार कर रहे थे। हम लोग आते-जाते देखते थे कि मुख्यमंत्री आवास के सामने मैदान में कार आदि वाहनों का जमावड़ा लगा रहता था और मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लोग आते रहते थे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रात में अपने चुनावी दौरों से लौटकर 2-3 बजे भी हजारों लोगों से मिलते थे और सबसे पहले उनसे पूछते थे कि खाना खाया की नहीं, चाय पी की नहीं आदि-आदि। लोगों से उनकी मुलाकातों का सिलसिला जारी है हर रोज उनसे अनेक लोग मिलने आते हैं।
उनका यह आत्मीय प्रेम ही उन्हें सबसे जुदा करता है और लोगों के दिलों में अपने प्रिय राजनेता के प्रति अगाध श्रद्धा, प्रेम, स्नेह और विश्वास से भर जाता है। लोगों का उनमें अटूट विश्वास बन चुका है और वे ये बात भली-भांति जान चुके हैं कि यह हमारे बीच से निकला हुआ धरातल का नेता है और हमारे दर्द को बखूबी समझता है। और वह हमारी समस्याओं का समाधान भी कर सकता है। वह फिर युवाओं को नौकरी देने की बात हो, गरीबों और मजदूरों के हक की बात हो या फिर किसानों की फसलों के उचित मूल्य या किन्हीं भी प्राकृतिक कारणों से फसलों की क्षति की भरपाई का मामला हो। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरेक आदमी को विकास की वैतरणी में बराबर सम्मिलित करना जानते हैं और करते भी हैं।
जनता के लिए सुलभ उपलब्ध होने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की छवि की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक कुशल राजनेता बनते जा रहे हैं और एक कुशल मुख्यमंत्री सिद्ध हुए हैं। जहां वे मुख्यमंत्री आवास पर या किसी दौरे के दौरान सड़क चलते हुए राहगीरों, दिल्ली में हरियाणा भवन या किसी सार्वजनिक समारोह में लोगों से यूं आसानी से मिल लेते हैं, किसी के कंधे पर हाथ रखते हैं तो किसी से गले मिलते हैं तो किसी का हाथ पकड़कर आत्मीयता जताते हैं। जन सभाओं में और प्रेस कॉन्फ्रेंस में विपक्षी दलों के नेताओं पर इस तरह तंज कसते हैं, जिससे भाजपा को फायदा होता है और किसी को व्यक्तिगत तौर पर बुरा भी नहीं लगता है। वे वर्तमान के विपक्ष के शासन काल की खामियों को बखूबी जानते हैं। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल विपक्षी दलों पर कम ही बोलते थे। अधिकारी वर्ग एवं सूबे के लोगों में यह चर्चा आम है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक कुशल राजनीतिज्ञ की तरह व्यवहार करते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी युवा दिलों कि धड़कन हैं, गरीबों के मसीहा हैं, किसानों के हमदर्द हैं, हरपल हरियाणा का ख्याल रखने वाले हैं और सबसे बढ़कर वे हरदिल अजीज हैं। 17 अक्टूबर, 2025 को उनकी सरकार का एक साल का सफर पूरा होने जा रहा है। और इस एक साल के सफर का जश्न सोनीपत की भूमि में मनाया जायेगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हरियाणा सरकार और विशेषकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस सफर की हार्दिक बधाई, अनेक-अनेक शुभकामनाएं…!
– डॉ. मनोज कुमार
लेखक – जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी हैं।
